घोरघट की चीखें
भूत होते हैं क्या? या, कुछ पल ठहर जाते हैं, काल खंड में विलीन होने से बच जाते हैं। जैसे राख के नीचे सुलगते बोरसी के अंगारे। अगर किसी ने उन्हे खोर दिया, तो अंगारे भभक पड़ते हैं। चलें, छोड़ें, कहाँ की कहाँ ले बैठा। बचपन में शहर से ननिहाल गाँव जाने में एक उत्साह नदी में नहाने का भी रहता था। कहते हैं, भगवान राम ने, वन जाते समय अपनी पहली रात, अयोध्या वासियों के साथ इसी तमसा नदी के तट पर बिताई थी। अंग्रेजों ने इसका नाम “टोंस” रख दिया। गाँव के मुहाने पर, प्रवेश करने से पहले, यह नदी समकोण पर दायें घूम जाती है। निरंतर प्रवाह ने उस जगह की माटी बहा कर खोह बना दिया था। वहाँ की गहराई बहुत ज्यादा है। बरसात के बाद, नदी जब पूरे शबाब पर होती, उसमें भँवर भी पड़ते हैं । पुराने लोग बताते हैं, जलधार, मँझधार, भँवर के साथ वेगवती नदी उनदिनों, बड़े अनुभवी नाविकों को भी चुनौती देती थी। बरसात तो छोड़ दें, अन्य दिनों में भी, जब हम सभी बच्चा पार्टी, नदी में नहाने जाती थी, तो उम्रदराज बच्चों पर जिम्मेदारी होती थी – घोरघट की तरफ नहीं जाना है। जबतक हम बच्चे थे, बड़ों का कहा मान लेते थे। जब हम खुद ही खुद को ...